कोलायत। बीकानेर जिले के कोलायत उपखण्ड के अंतर्गत आने वाले कोटड़ा गांव, नाईयों की बस्ती तथा सलासर क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। गांव में बिछाई गई पाइपलाइन में पानी आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता उत्तम सिंह कोटड़ा ने इस संबंध में एक्सईएन महोदय देवी लाल बाना, श्रीकोलायत को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले तक पाइपलाइन से हर घर में नियमित पानी पहुंचता था, लेकिन अब स्थिति यह है कि 2000 से अधिक ग्रामीण टैंकरों के माध्यम से पानी खरीदने को मजबूर हैं।
उत्तम सिंह ने बताया कि गरीब व मजदूर वर्ग के लोग, जो दिनभर मेहनत-मजदूरी कर मात्र 300 से 400 रुपये कमाते हैं, उन्हें 800 से 900 रुपये प्रतिदिन पानी के टैंकरों के लिए खर्च करने पड़ रहे हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जलदाय विभाग के कर्मचारियों को इस समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन केवल “हो जाएगा, हो जाएगा” कहकर टाल दिया गया। अब तो विभागीय अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं।
गांव के 30 से 40 घरों में तो पाइपलाइन बिछने के बावजूद आज तक पानी की एक बूंद नहीं पहुंची।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर शीघ्र आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता से लिया जाए और शीघ्र जलापूर्ति बहाल कर “जल है तो जीवन है” के नारे को सार्थक किया जाए।
वही उत्तम सिंह कोटड़ा ने विधायक अंशुमान सिंह भाटी से वार्ता की है विधायक भाटी ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को तुरंत समाधान के लिये कहा है