कोलायत। दीपावली पर्व को लेकर बाजारों में जहाँ एक ओर खरीददारी का उत्साह चरम पर है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग भी सतर्क मोड में है। इसी क्रम में रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग, बीकानेर की टीम ने कोलायत कस्बे में सघन निरीक्षण अभियान चलाया, जिसमें दूषित व अवधि पार मिठाइयाँ, नमकीन और चासनी पाई जाने पर करीब 400 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई।
कार्रवाई का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने किया, जबकि उपखंड अधिकारी (एसडीएम) डॉ. सुनील जैन स्वयं मौके पर मौजूद रहे। टीम ने कस्बे की प्रमुख मिठाई एवं नमकीन दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में रखी मिठाइयों की गुणवत्ता, निर्माण तिथि, स्वच्छता व्यवस्था और भंडारण प्रक्रिया की गहन जांच की गई।

जांच में कई दुकानों पर अवधि पार मिठाइयाँ, दूषित चासनी, अस्वच्छ तेल में बनी नमकीन तथा गंदे परिवेश में रखी खाद्य सामग्री पाई गई। इन सभी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही, चार मिठाई नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
एसडीएम डॉ. सुनील जैन ने दुकानदारों को त्योहारों पर स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि “खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”

खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दीपावली के अवसर पर खाद्य निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। बीकानेर जिले में कोलायत सहित अन्य कस्बों में भी टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया, वहीं आमजन ने विभाग की इस सख्ती की सराहना की है। लोगों ने कहा कि त्योहारों पर मिलावटी खाद्य पदार्थों के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई बेहद जरूरी है।
