कोलायत में प्रशासन सख्त, पुलिस ने किया गश्त, अवैध पटाखों की दुकान हटाई

कोलायत। दीपावली पर्व के धनतेरस के दिन शनिवार को उपखण्ड मुख्यालय कोलायत में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध रूप से लगाई गई पटाखों की एक दुकान को हटवा दिया। उपखण्ड अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया और पटाखों की बिक्री को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना अनुमति के कोई भी दुकान संचालित नहीं की जाएगी।

प्रशासन ने सभी दुकानदारों को हिदायत दी कि दीपावली और धनतेरस के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी या दुर्घटना से बचाव के लिए सुरक्षा मानकों का पालन करें। साथ ही बिना लाइसेंस के पटाखों की बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

उपखण्ड अधिकारी ने बताया कि त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ बढ़ने से अग्नि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी क्रम में पुलिस दल ने दिनभर बाजार में गश्त कर स्थिति पर नजर रखी।

पुलिस थानाधिकारी ने बताया कि दीपावली तक यह निगरानी जारी रहेगी। बाजार क्षेत्र में अवैध पटाखा बिक्री या ज्वलनशील सामग्री के अनुचित भंडारण की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस सख्ती का स्वागत करते हुए कहा कि इससे त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सकेगा।