नागौर में पटवारी 9500 रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार 

जयपुर। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. चौकी नागौर इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुये सुरेश कुमार मेघवाल पटवारी, पटवार हल्का भंवाल, तहसील रियांबड़ी, जिला नागौर को 9500/- रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि ए.सी.बी. चौकी नागौर को एक शिकायत इस आशय की मिली कि परिवादी कमलेश के पैतृक कृषि भूमि के आपसी सहमति से किये गये बंटवारे की तरमीम करने की एवज में 10,000/- रूपये की रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है, जिस पर दिनांक 29.08.2025 को रिश्वत मांग सत्यापन करवाया गया, जिसमें आरोपी द्वारा 10,000/- रूपये रिश्वत की मांग कर 10,000/- रूपये रिश्वत राशि लेना तय किया।

जिस पर अनिल कुमार कयाल, उप महानिरीक्षक पुलिस, एसीबी, रेंज अजमेर के सुपरवीजन में ए.सी.बी. चौकी नागौर से कल्पना सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, के नेतृत्व में आज मय ट्रेप दल के ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी सुरेश कुमार मेघवाल पटवारी, पटवार हल्का भंवाल, तहसील रियांबड़ी, जिला नागौर को परिवादी से 10,000 रूपये रिश्वत राशि ग्रहण कर परिवादी के निवेदन पर 500 रूपये वापिस लौटाते हुए 9500/- रूपये (9500/- रूपये भारतीय चलन मुद्रा) रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।