बीकानेर, कोलायत। इस बार अच्छी बरसात के चलते कपिल सरोवर का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल सरोवर लबालब होने से केवल दो पौड़ी कम है। सरोवर के जलस्तर को देखकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि कपिल सरोवर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर वर्ष श्रद्धालु यहाँ स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इस बार सरोवर का पानी लगभग पौड़ियों तक पहुँच चुका है, जिससे श्रद्धालुओं को पवित्र स्नान का विशेष अनुभव मिल रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात का पानी पर्याप्त मात्रा में सरोवर में आने से इसका प्राकृतिक सौंदर्य भी निखर उठा है। लंबे समय बाद सरोवर के लबालब होने की स्थिति करीब आने से ग्रामीणों और दर्शनार्थियों में गहरी खुशी है।
श्रद्धालुओं का मानना है कि सरोवर में जलस्तर बढ़ना शुभ संकेत है। वर्तमान में महज दो पौड़ी शेष हैं, इसके बाद सरोवर पूरी तरह लबालब हो जाएगा।