तहसीलदार कार्यालय के सामने से सरोवर में जा रहा गंदा पानी, श्रद्धालुओं में आक्रोश
बीकानेर, कोलायत। तहसील परिसर में बरसाती पानी की समस्या वर्षों से जस की तस बनी हुई है। हल्की बरसात में ही तहसील परिसर में पानी भर जाता है, जिससे आमजन और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तहसीलदार कार्यालय के सामने सड़क को खोद दिया गया है, जिसके कारण बरसाती और गंदा पानी सीधे सरोवर में पहुंच रहा है। इससे न केवल सरोवर की पवित्रता प्रभावित हो रही है, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था को भी गहरी चोट पहुंच रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार बैठकें हो चुकी हैं और आला अफसर भी तहसील परिसर का निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन आज तक समाधान नहीं हो पाया। बाहरी श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों में इस स्थिति को लेकर गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान को पत्र लिखकर इस समस्या निजात दिलाने की मांग की है
वहीं दूसरी ओर पूर्व प्रधान जयवीर सिंह भाटी ने बताया विधायक अंशुमान सिंह भाटी के निर्देशन में सरपंच कोलायत से इस विषय में बातचीत हो चुकी है। फिलहाल पहले चरण में भैरूजी मंदिर से अंबेडकर सर्किल तक सीवर लाइन का कार्य होगा। इसके बाद दूसरे चरण में बाकी हिस्सों में सीवर लाइन डाली जाएगी और उसके बाद सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा। भाटी ने कहा कि सीवर लाइन पर पहले जोर इसलिए दिया जा रहा है क्योंकि यदि पहले सड़क बनती है तो बाद में सीवर लाइन डालना संभव नहीं होगा। इसके लिए विकास अधिकारी और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी चर्चा हो चुकी है।