बीकानेर, श्रीगंगानगर। हरमिलापी कॉलोनी स्थित श्री हनुमान मंदिर में चल रहे 11 दिवसीय गणेश जन्मोत्सव के तहत भक्तिमय वातावरण छाया रहा। गणेश जी की विशेष पूजा और सहस्त्राचन पूजन संपन्न हुआ। पं. जितेन्द्र झा सहित अन्य आचार्यों ने विधिवत पूजन कराया।
महोत्सव का विशेष आकर्षण रहा – नव दुर्गा की सचेतन झांकियां, जिन्हें नारी शक्ति और माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक रूप में सजाया गया। इन झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को माँ शैलपुत्री से लेकर सिद्धिदात्री तक सभी नौ रूपों का महत्व बताया गया। पं. जितेन्द्र झा के अनुसार, झांकियों का उद्देश्य समाज में मातृशक्ति के आदर्श और उसकी साधना के महत्व को उजागर करना है। श्रद्धालुओं और बच्चों ने पूरे उत्साह से दर्शन कर पुण्य लाभ लिया।
इस अवसर पर भगवान गणेश जी का 108 दीपों से पूजन कर दिव्य आरती की गई और प्रसाद स्वरूप पेस्ट्री, फ्रूट चार्ट तथा ड्राईफ्रूट वितरित किए गए। मंदिर के युवाओं निखिल झा, सतीश अनेजा, माधव मदान, शिवम अरोड़ा, हन्नी मानवानी और कोमल झा की सेवाओं ने आयोजन को विशेष रूप से सफल बनाया।
सांध्यकालीन भजन-कीर्तन में महिला मंडली ने भक्ति रस से सराबोर प्रस्तुतियां दीं। ममता रसेवट, रितु फुटेला, शिखा अरोड़ा, आंचल झा सहित अनेक महिलाओं ने भजनों से उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। पं. जितेन्द्र झा ने बताया कि आगामी दिनों में मंदिर प्रांगण में धर्मज्ञान प्रतियोगिता, मटकी फोड़, सुंदरकांड पाठ, एक शाम शिव के नाम, डांडिया नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम और हवन-यज्ञ जैसे विविध आयोजन होंगे। अंतिम दिन गणपति विसर्जन शोभायात्रा के साथ महोत्सव का समापन होगा।