श्री कोलायत, बीकानेर। जयमलसर की रोही में रविवार को राज्य वृक्ष खेजड़ी के पेड़ों की अवैध कटाई की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही पर्यावरण संघर्ष समिति के संयोजक रामगोपाल विश्नोई मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपित पांच से अधिक पेड़ काटकर मौके से फरार हो चुके थे।
रामगोपाल विश्नोई ने बताया कि अब लोगों में कानून और प्रशासन का भय समाप्त हो चुका है। दिनदहाड़े सरेआम खेजड़ियों की कटाई की जा रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने तीव्र आक्रोश जताते हुए कहा कि “ऐसा अत्याचार और विनाश तो अंग्रेजों के राज में भी नहीं हुआ था।”
घटना की सूचना पर पुलिस को मौके पर बुलाया गया और मौका रिपोर्ट तैयार की गई। इस दौरान सज्जन कुमार बेनीवाल, गणपतराम मेघवाल सहित कई पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि खेजड़ी राजस्थान का राज्य वृक्ष है और इसका संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है। बावजूद इसके, ऐसी घटनाएं पर्यावरण संरक्षण प्रयासों को चुनौती देती हैं।