नई दिल्ली। देश में सकल वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह जुलाई में 1,95,735 करोड़ रुपये पर पहुँच गया जो जुलाई 2024 के 1,82,075 करोड़ रुपये की तुलना में 7.5 प्रतिशत अधिक है।
वित्त मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़े में बताया गया है कि 27,147 करोड़ रुपये के रिफंड के बाद शुद्ध जीएसटी संग्रह 1,68,588 करोड़ रुपये रहा। यह पिछले साल जुलाई के मुकाबले 1.7 प्रतिशत अधिक है।
वित्त वर्ष के लिए 2025-26 के पहले चार महीने (अप्रैल-जुलाई) सकल जीएसटी संग्रह 10.7 प्रतिशत बढ़कर 8,18,099 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष के पहले चार महीने में यह 7,38,894 करोड़ रुपये रहा था। इस दौरान शुद्ध जीएसटी संग्रह भी 8.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,11,128 रुपये रहा।
मंत्रालय ने बताया कि सकल जीएसटी संग्रह में घरेलू संग्रह 6.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,43,023 करोड़ रुपये रहा। आयात पर 51,626 करोड़ रुपये आईजीएसटी और 1,086 करोड़ रुपये सेस प्राप्त हुये। घरेलू संग्रह में सीजीएसटी 35,470 करोड़ रुपये, एसजीएसटी 44,059 करोड़ रुपये, आईजीएसटी 51,919 करोड़ रुपये और सेस 11,584 करोड़ रुपये रहा।