समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 2.703 अरब डॉलर बढ़ा

मुंबई। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 25 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 2.703 अरब डॉलर बढ़कर 698.192 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे पहले इसमें लगातार तीन सप्ताह गिरावट देखी गयी थी।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकडों के अनुसार, 25 जुलाई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 1.316 अरब डॉलर बढ़कर 588.926 अरब डॉलर पर पहुंच गयी। इसके अलावा सोने का भंडार भी बढ़ने से विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा है। आलोच्य सप्ताह में स्वर्ण भंडार 1.206 अरब डॉलर बढ़कर 85.704 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

आरबीआई ने बताया कि विशेष आहरण अधिकार में 12.6 करोड़ डॉलर और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि में 5.5 करोड़ डॉलर की वृद्धि हुई और ये क्रमशः 18.809 अरब डॉलर और 4.753 अरब डॉलर पर पहुंच गये।

विदेशी मुद्रा भंडार का उच्चतम स्तर 27 सितंबर 2024 को समाप्त सप्ताह में 704.885 अरब डॉलर दर्ज किया गया था। इस मामले में भारत का दुनिया में चौथा स्थान है। विदेशी मुद्रा भंडार अधिक होने से देश को आयात के भुगतान में आसानी होती है और रुपये पर ज्यादा दबाव आने की स्थिति में आरबीआई के पास हस्तक्षेप का विकल्प होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *