श्रीकोलायत। स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान के तहत शनिवार को कोलायत ब्लॉक के गडियाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मानसिक रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं।
शिविर में पहुंची 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं का ब्लड प्रेशर और शुगर परीक्षण किया गया। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण किया गया तथा ओरल ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग भी की गई। शिविर में टी.बी. की जांच के साथ पोषण किट भी वितरित की गईं। उपखंड के अंतर्गत अन्य 7 उपस्वास्थ्य केंद्रों पर भी इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील जैन ने शिविरों का निरीक्षण कर चिकित्सा अधिकारियों को अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि परिवार और समाज दोनों सशक्त बन सकें।