कोलायत। नववर्ष के शुभ अवसर पर बुधवार को पूर्ण तीर्थ श्री कपिल मुनि धाम, श्री कोलायतजी में भक्ति, संस्कृति और संगीत से सजी भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भजन, कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।
उपखंड अधिकारी (एसडीएम) राजेश नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध भजन एवं सांस्कृतिक गायक शरद शर्मा (मुंबई) ने अपनी सुमधुर आवाज़ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने “राम सिया राम”, “राम नाम”, “सिया राम जानकी” तथा महाराणा प्रताप पर आधारित भजनों की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भजनों पर भावविभोर होकर झूमते नजर आए।
वहीं भंवर अली पार्टी द्वारा प्रस्तुत मधुर संगीत और संगत ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की संगत, दीप प्रज्वलन एवं पुष्प सज्जा के बीच संध्या आध्यात्मिक उल्लास से परिपूर्ण रही। हालांकि, कार्यक्रम में विधायक तथा देवी सिंह जी की उपस्थिति नहीं रही, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।
एसडीएम राजेश नायक ने आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को सुदृढ़ करते हैं। नववर्ष के अवसर पर आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या श्री कपिल मुनि धाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली रही।