श्रीकोलायत। नारायण ग्लोबल अकादमी, झझू में दिनांक 13 दिसंबर 2025 से 17 दिसंबर 2025 तक राजस्थान राज्य भारत स्काउट–गाइड, स्थानीय संघ श्रीकोलायत के तत्वावधान में पाँच दिवसीय आवासीय शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह शिविर शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु सहशैक्षिक गतिविधियों को सुदृढ़ एवं सुनिश्चित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। शिविर में कोलायत, बज्जू, पूगल, खाजूवाला एवं नोखा क्षेत्र के कुल 18 विद्यालयों ने भाग लिया। इसमें 177 विद्यार्थी, 12 संचालन मंडल सदस्य तथा नारायण ग्लोबल अकादमी के 6 शिक्षक सक्रिय रूप से शामिल रहे। विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिविर हेतु आवास व्यवस्था एवं आवश्यक भौतिक संसाधन उपलब्ध कराए गए। शिविर का शुभारंभ 13 दिसंबर को विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय के चेयरमैन श्रीमान बलजीत सिंह जी कड़वासरा , विद्यालय के सचिव श्रीमान सुंदर जी पूनिया, मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमान कुलदीप सिंह जी , प्रधानाचार्य श्रीमान सुल्तान सिंह जी कस्वां एवं मंडल सदस्यों द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया।
14 दिसंबर को राजस्थान राज्य भारत स्काउट–गाइड, बीकानेर के सीईओ जसवंत जी राजपुरोहित एवं मुख्यालय से घनश्याम जी (दोनों राष्ट्रपति सम्मान से अलंकृत) विद्यालय परिसर में पधारे और स्काउट–गाइड विद्यार्थियों को प्रेरित किया। शिविर सहायक सदस्यों में रवि स्काउट मास्टर (राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित) की विशेष भूमिका रही। 15 दिसंबर को शिविर में अनेक विशिष्ट अतिथियों का आगमन हुआ, जिनमें अनिल बोडा जी (एडीओ, खेलकूद विभाग/अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, बीकानेर), मोहनलाल जीनगर (सहायक निदेशक, बीकानेर), भवानी शंकर (प्रधानाचार्य, फोर्ट स्कूल, बीकानेर), रोहताश कांटिया (राजस्थान शिक्षक संघ, अंबेडकर – जिलाध्यक्ष), लाला राम थालोर (व्याख्याता), दाऊलाल पंचारिया (व्याख्याता), जगदीश चंद्र थालोर (आर्मी) तथा खियां राम सैण (एसएसपी ग्रुप, जिलाध्यक्ष) शामिल रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा भावना एवं राष्ट्रभक्ति के महत्व से अवगत कराते हुए प्रेरित किया। 16 दिसंबर को मीनाक्षी जी भाटी (सीओ, सर्कल ऑर्गनाइजेशन, स्काउट–गाइड, बीकानेर), संदीप जी गोड (मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, कोलायत), शंकर लाल बेनीवाल (वरिष्ठ सहायक), श्रवण कुमार जी (अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी, कोलायत) एवं दिनेश कुमार जीनगर (प्रधानाचार्य, कोलायत) ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्काउट–गाइड की गतिविधियों का अवलोकन कर नियमों, आदर्शों एवं कर्तव्यों को विस्तार से समझाया। यह शिविर विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग, सेवा भावना एवं आत्मनिर्भरता के विकास की दिशा में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। विद्यालय प्रबंधन, स्काउट–गाइड संघ तथा समस्त अतिथियों के सहयोग से 17 दिसंबर को शिविर का सफल समापन हुआ।