उम्रकैद की सजा पाए बुजुर्ग कैदी की केंद्रीय कारागार में मौत

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में स्थित केंद्रीय कारागार में हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा पाए बुजुर्ग कैदी की मौत हो गई। केंद्रीय कारागार के अधीक्षक राजीव शुक्ला ने रविवार को बताया कि केन्द्रीय कारागार महोला इटावा में निरूद्ध सिद्धदोष बंदी प्रेमचन्द्र उर्फ नेकसे पुत्र लक्ष्मन शाक्य (70) निवासी अरूहो थाना सौरिख, जनपद कन्नौज की रविवार को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वह हत्या सहित गंभीर धाराओं में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।

प्रेमचन्द्र उर्फ नेकसे के मामले में दोषसिद्ध होने पर स्पेशल जज एससी/एसटी एक्ट कन्नौज द्वारा 7 फरवरी 2020 को आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया गया था। लंबी सजा के कारण उसे जिला कारागार कन्नौज से 3 सितंबर 2023 को केन्द्रीय कारागार इटावा स्थानांतरित किया गया था।

बीते 7 दिसंबर को उसकी तबीयत बिगड़ने पर जांच व उपचार के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी इटावा भेजा गया था, जहां वह भर्ती होकर उपचार प्राप्त कर रहा था। रविवार 14 दिसंबर को सुबह पौने 12 बजे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मृत्यु की सूचना पर तहसीलदार सैफई ने पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई की गई।वैदपुरा थाने ने उपनिरीक्षक मोहन सिंह को पंचायतनामा की कार्रवाई हेतु की है।