श्रीकोलायत। ग्राम अक्कासर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन की स्थिति दिनोंदिन बदतर होती जा रही है। भवन की दीवारों में जगह-जगह गहरी दरारें उभर आई हैं, जिससे न केवल मरीजों की सुरक्षा खतरे में है बल्कि स्टाफ भी भय के माहौल में काम करने को मजबूर है।सबसे चिंताजनक स्थिति लेबर रूम की है, जहां दीवारों पर बड़ी-बड़ी दरारें साफ दिखाई देती हैं। प्रसूति सेवाओं के दौरान यहां रोजाना कई महिलाओं का आना-जाना रहता है, ऐसे में इस तरह की जर्जर स्थिति किसी बड़े हादसे को दावत दे सकती है।

भवन के लगभग सभी कमरों में दरारें फैल चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार दीवारों के हिस्से झड़ने जैसी स्थिति भी सामने आ चुकी है। बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, जिससे मरीजों व स्वास्थ्यकर्मियों का जोखिम बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सम्बंधित विभाग तत्काल संज्ञान लेकर भवन की मरम्मत व सुदृढ़ीकरण करवाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुरक्षित वातावरण में जारी रह सकें।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर अवस्था वाले कमरों का तुरंत निरीक्षण कर उनके उपयोग पर अस्थायी रोक लगाई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। ग्रामीणों ने विधायक अंशुमान सिंह भाटी तथा पूर्व प्रधान जयवीर सिंह भाटी को पत्र लिखकर महिलाओं की डिलवरी स्थान जर्जर है उसे तुरंत प्रभाव से समस्या निस्तारण की माँग की है वही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर पुख राज साध ने बताया कि उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू होगा।