श्री कोलायत। अधिवक्ता दिवस के अवसर पर ज्योतिर्मय ट्रस्ट की ओर से मंगलवार को एक भव्य और गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र के अनुभवी एवं युवा अधिवक्ताओं का स्वागत–अभिनंदन किया गया। ट्रस्ट की प्रमुख विजय लक्ष्मी पुरोहित ने अधिवक्ताओं को शॉल, प्रतीक चिन्ह एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। ट्रस्ट द्वारा किया गया यह आयोजन क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित हुआ, जिसकी अधिवक्ता समुदाय ने सराहना की।
समारोह की शुरुआत विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान वक्ताओं ने अधिवक्ता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि न्यायालय केवल भवन नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था का केंद्र है तथा अधिवक्ता उसका सबसे मजबूत स्तंभ हैं। अधिवक्ता समाज में न्याय, अधिकार, समानता एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में खड़े रहते हैं। इसलिए उनका सम्मान समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में एडवोके दिलीप सिंह राजपुरोहित, चोरू राम मेघवाल अरुण राठौड़ बुधराम राम ज्याणी राम सहित क्षेत्र के वरिष्ठ और युवा अधिवक्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी अधिवक्ताओं ने कहा कि ज्योतिर्मय ट्रस्ट का यह आयोजन अधिवक्ताओं के मनोबल को बढ़ाने वाला है और इससे समाज में न्याय के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
विजय लक्ष्मी पुरोहित ने कहा कि अधिवक्ताओं का योगदान केवल अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, जनसेवा और जनजागरण में भी वे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट आगे भी समाजहित के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियाँ आयोजित करता रहेगा। समारोह के अंत में ट्रस्ट सदस्यों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा अधिवक्ताओं को न्याय के मार्ग पर समाजहित में निरंतर कार्य करने की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के पश्चात सामूहिक जलपान का भी आयोजन किया गया।