बीकानेर। बीकानेर जिले के ब्लॉक कोलायत के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि हिराई की ढाणी, भोलासर एवं मंडल चारणान स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्रों ने राज्य स्तरीय NQAS (National Quality Assurance Standards) प्रमाणन प्राप्त कर लिया है। यह उपलब्धि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और मरीज सुरक्षा के उच्च मानकों का प्रमाण है। राज्य स्तरीय मूल्यांकन दल द्वारा इन तीनों संस्थानों का सघन निरीक्षण किया गया, जिसमें संस्थागत स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, दवा भंडारण व्यवस्था, मरीजों के साथ व्यवहार, रिकॉर्ड संधारण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, ओपीडी सेवाएं एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मूल्यांकन किया गया। सभी आवश्यक मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ही यह मान्यता प्रदान की गई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे BCMO डॉ. सुनील जैन का प्रभावी नेतृत्व, BPM अल्ताफ अली की योजनाबद्ध मॉनिटरिंग और सभी CHO की नियमित फील्ड सुपरविजन एवं गुणवत्ता सुधार हेतु की गई पहल अहम रही। इन अधिकारियों के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य कर्मियों ने टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए संस्थानों को NQAS मानकों के अनुरूप तैयार किया। इस अवसर पर BCMO डॉ. सुनील जैन ने कहा कि यह प्रमाणन केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। BPM अल्ताफ अली ने बताया कि आने वाले समय में अन्य उपकेंद्रों को भी NQAS प्रमाणन दिलाने के लिए सतत प्रशिक्षण, मूल्यांकन और सुधार प्रक्रिया जारी रहेगी। स्थानीय CHO एवं स्वास्थ्य स्टाफ ने भी इस सफलता को टीमवर्क की जीत बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें और अधिक बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगी। यह प्रमाणन मिलने से कोलायत क्षेत्र के नागरिकों को अपने ही गांव में गुणवत्तापूर्ण इलाज, बेहतर जांच सुविधा और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। साथ ही यह सफलता अन्य ब्लॉकों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।