श्री कोलायत। कोलायत क्षेत्र के अंतर्गत शरह किशनायत स्थित ऐतिहासिक तालाब तक जाने वाले मार्ग पर पिछले कुछ समय से चल रहे अवैध अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश था। लगातार मिल रही शिकायतों और ज्ञापनों के बाद आखिरकार प्रशासन ने सख्ती दिखाने का निर्णय लिया है। मंगलवार को तहसीलदार पूनम कंवर के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुँचकर तालाब मार्ग का सीमांकन कार्य करेगी। टीम द्वारा अवैध कब्जों की स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा और आवश्यक होने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग वर्षों पुराना सार्वजनिक रास्ता है, जिससे होकर लोग तालाब तक पहुँचते आए हैं। तालाब ग्रामीणों की आस्था से जुड़ा स्थल है, जहाँ धार्मिक अनुष्ठान और स्नान आदि का आयोजन होता रहा है। किन्तु पिछले कुछ समय से कुछ कंपनी प्रतिनिधियों और व्यक्तियों ने इस मार्ग पर कब्जा कर रास्ते को अवरुद्ध कर दिया था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बार-बार ज्ञापन देकर प्रशासन से मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की थी। लगातार दबाव और शिकायतों को देखते हुए प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। तहसील प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पटवारी, गिरदावर, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे।