कोलायत । तहसील के मियाकौर गांव में मंगलवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि आसपास के कई घरों में विद्युत उपकरण जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताया और जमकर रोष जताया। अचानक दौड़ा हाई वोल्टेज करंट जानकारी के अनुसार, मियाकौर निवासी रुधनाव सिंह पुत्र सोहन सिंह मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अपने घर में मौजूद थे।
इसी दौरान गांव में अचानक हाई वोल्टेज करंट फैल गया। बताया जा रहा है कि लाइन में ओवरलोड या शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली प्रवाह में गड़बड़ी आई और कई घरों में करंट दौड़ गया। रुधनाव सिंह ने जैसे ही पानी पीने के लिए फ्रीज का दरवाजा खोला, उन्हें तेज करंट का झटका लगा और वे मौके पर ही गिर पड़े। परिजन तत्काल उन्हें कोलायत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कई घरों में उपकरण जले, झोपड़ियों में लगी आग हादसे के दौरान केवल रुधनाव सिंह का ही नहीं, बल्कि आसपास के 8 से 10 घरों में भी ओवरवोल्टेज के चलते फ्रीज, पंखे, टीवी व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए। कुछ घरों की झोपड़ियों में आग लग जाने से ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ
ग्रामीण बोले, विभाग की घोर लापरवाही
ग्रामीणों ने बताया कि यह हादसा विद्युत विभाग की लापरवाही का नतीजा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद विभाग ने समय पर लाइन की जांच नहीं की। ग्रामीणों ने मांग की कि मृतक परिवार को मुआवजा दिया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
पुलिस जांच में जुटी
मृतक के भाई पपुसिंह पुत्र सोहन सिंह, निवासी मियाकौर, ने इस संबंध में थाना हदां में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
ग्रामीणों की मांग
– मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए
– दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो
– गांव की विद्युत लाइन की पूरी जांच कराई जाए