श्रीकोलायत। स्थानीय सदर बाजार में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक अपनी एक्को गाड़ी लेकर भीड़भाड़ वाले बाजार में घुस गया और पीछे से एक टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, वरना ग्रामीण मेले के चलते बाजार में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों की जान को खतरा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाया गया है।
एएसआई लक्ष्मण राम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को शांत कराया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बाजार में फैली अफरा-तफरी कुछ ही समय में शांत हो गई।
ग्रामीण मेले के चलते आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार में आए हुए थे। ऐसे में अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। युवक के नशे की पुष्टि मेडिकल जांच के बाद की जाएगी।
