श्रीकोलायत। महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से संचालित मुख्यमंत्री नारी शक्ति प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना का शुभारंभ शुक्रवार को कोलायत स्थित राजस्थान ज्ञान निगम अधिकृत ज्ञान केंद्र — तरुण कम्प्यूटर्स पर हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोलायत सरपंच धन्नी देवी तथा विशिष्ट अतिथि राजस्थान पत्रिका संघ के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण पुरोहित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर योजना के अंतर्गत चयनित महिलाओं और बालिकाओं को निशुल्क आरएससीआईटी और टैली कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रारंभ कराया गया। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को निशुल्क अध्ययन सामग्री भी वितरित की गई।
मुख्य अतिथि धन्नी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर, डिजिटल साक्षर और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और इस तरह की योजनाएं उनके विकास को नई दिशा प्रदान करती हैं।

विशिष्ट अतिथि वीरेंद्र नारायण पुरोहित ने अपने संबोधन में कहा कि आज के युग में कंप्यूटर ज्ञान और तकनीकी शिक्षा रोजगार का मजबूत आधार है। उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर रोजगार और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ें तथा समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक कोमल रामावत ने योजना की रूपरेखा और प्रशिक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी। उपस्थित बालिकाओं में जसोदा, वसुधा, भाग्यश्री, तमन्ना, विजयलक्ष्मी, ज्योति, अर्जुना, मनका, राजेश्वरी, पूजा पालीवाल, पूनम सहित अनेक प्रतिभागी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के अंत में केंद्र संचालक ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बताया कि आने वाले समय में कोलायत क्षेत्र की अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि हर घर से एक महिला डिजिटल रूप से सशक्त बन सके।