बीएलओ को समय पर कार्य पूर्ण करने के दिए सख्त निर्देश, ई.एफ. वितरण और प्रोजनी मैपिंग की जांच की
श्री कोलायत। निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची सघन पुनरीक्षण कार्य के अंतर्गत आज सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं तहसीलदार पूनम कंवर ने ग्राम पंचायत मढ और कोटड़ी का दौरा किया। उन्होंने मौके पर जाकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे मतदाता सूची अद्यतन कार्य, ई.एफ. प्रपत्रों के वितरण और प्रोजनी मैपिंग प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
तहसीलदार पूनम कंवर ने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे इस कार्य को गंभीरता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ तय समयसीमा में पूरा करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वे की स्थिति की जानकारी ली और बीएलओ से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा पते में संशोधन जैसी सूचनाओं का सही-सही संकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज हो।
तहसीलदार पूनम कंवर ने ग्राम पंचायत मढ और कोटड़ी में फील्ड सर्वे कार्य का स्वयं निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कहा कि सभी प्रपत्र सही ढंग से भरे जाएं और रिपोर्ट समय पर निर्वाचन शाखा को सौंपी जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ मतदाता सूची को अद्यतन करना है ताकि आगामी विधानसभा चुनाव 2026 में कोई पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे। कोलायत प्रशासन की ओर से निर्वाचन कार्यों की निगरानी निरंतर जारी है, और तहसीलदार पूनम कंवर का यह निरीक्षण उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।