श्रीकोलायत। उपखण्ड अधिकारी राजेश कुमार नायक ने गुरुवार को निर्वाचन कार्यों की समीक्षा बैठक में कार्य प्रगति अत्यंत धीमी पाए जाने पर सख्त रुख अपनाते हुए बीएलओ को 17 सीसी का नोटिस थमा दिया।
समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में कई बीएलओ द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। इस पर एसडीएम नायक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य जैसे संवेदनशील दायित्व में किसी भी प्रकार की सुस्ती अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम नायक ने जिन बीएलओ के विरुद्ध नोटिस जारी किए हैं, उनमें प्रमुख नाम हैं —
अर्जुन सिंह (130), नारायण (219), विजयपाल गोदारा (229), वरुण कुमार (248), सुभाष चंद्र (239), राजकुमार विश्नोई (257), अभिषेक मौर्या (259), और गिरवारदान (261)।
इन सभी बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समयसीमा में अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची सत्यापन कार्य पूर्ण करें और रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करें।
एसडीएम नायक ने कहा कि बीएलओ की जिम्मेदारी केवल नाम जोड़ने या काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन सुनिश्चित करना होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगली समीक्षा बैठक तक कार्य प्रगति में सुधार नहीं हुआ, तो निलंबन या अनुशासनात्मक कार्रवाई से कोई नहीं बच पाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव मतदाता सूची की शुद्धता पर टिकी है, इसलिए निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता और ईमानदारी आवश्यक है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज हो और किसी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं।
एसडीएम नायक ने सभी विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वे बीएलओ की कार्य प्रगति की नियमित समीक्षा करें और आवश्यक मार्गदर्शन दें। उन्होंने कहा कि अब प्रशासन “कार्य नहीं, परिणाम” की नीति पर काम करेगा। जो अधिकारी या कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी से विमुख रहेंगे, उन्हें सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा।
स्थानीय प्रशासनिक हलकों में एसडीएम राजेश कुमार नायक की यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। माना जा रहा है कि इस सख्ती के बाद अब बीएलओ स्तर पर सक्रियता बढ़ेगी और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में तेजी आएगी।