श्रीकोलायत। आगामी श्री कपिल मुनि कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर श्री कोलायत में तैयारियां जोरों पर हैं। सरोवर परिसर से लेकर घाटों, धर्मशालाओं और मुख्य मार्गों तक सफाई और सौंदर्यकरण का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। प्रशासन की पूरी मशीनरी मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सक्रिय हो चुकी है। उपखंड अधिकारी राजेश कुमार नायक स्वयं मैदान में उतरकर तैयारियों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वे प्रतिदिन विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकें लेकर कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। उनके निर्देश पर सरोवर परिसर, घाटों, मंदिरों और धर्मशालाओं में सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। घाटों के कोनों तक सफाई कर अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

सरोवर परिसर की दीवारों पर रंग-रोगन का कार्य भी तेजी से चल रहा है। परिसर की दीवारों, पगडंडियों और सीढ़ियों को नए रूप में रंगा जा रहा है ताकि मेले के दौरान कोलायत का धार्मिक सौंदर्य और भी निखर सके। इधर, कोलायत की कुम्हार धर्मशाला में अन्नक्षेत्र का कार्य पहले ही शुरू हो चुका है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। सभी धर्मशालाओं में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी बीच क्षमा राज महाराज के सान्निध्य में दम्माणी परिसर में मद भगवत कथा का शुभारंभ हो चुका है। कथा के पहले दिन ही बिकानेर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। महिलाओं की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही, जिन्होंने भक्ति भाव से कथा श्रवण किया।
पानी, बिजली, जलदाय एवं स्वास्थ्य विभाग भी मेले की तैयारियों को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं। जलदाय विभाग द्वारा पीने के पानी की लाइनें दुरुस्त की जा रही हैं, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अस्थायी चिकित्सा केंद्र की स्थापना शुरू कर दी है। बिजली विभाग की टीमें झझू चौराहे और मुख्य सड़कों पर लाइटिंग पोल लगाने में जुटी हुई हैं, जिससे पूरे मेले क्षेत्र में उजाला व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उपखंड अधिकारी राजेश नायक ने बताया कि मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। प्रत्येक विभाग को उनकी जिम्मेदारी सौंप दी गई है और सभी कार्यों की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बार का कोलायत मेला न केवल भव्य और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि स्वच्छता और सुव्यवस्था की दृष्टि से भी एक मिसाल पेश करेगा।