श्रीकोलायत, बीकानेर। किसान और जवानों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) अपने 7वें स्थापना दिवस के अवसर पर 29 अक्टूबर, बुधवार को बीकानेर जिला मुख्यालय पर भव्य महारैली आयोजित करने जा रही है। यह रैली प्रातः 10 बजे से शुरू होगी, जिसमें प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। श्रीकोलायत क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में आरएलपी समर्थक इस रैली में भाग लेने के लिए बीकानेर रवाना होंगे। इसके लिए रेलवे स्टेशन कोलायत से सुबह 9 बजे बस सुविधा की व्यवस्था की गई है, ताकि ग्रामीण और कार्यकर्ता आसानी से बीकानेर पहुंच सकें।

पार्टी नेताओं ने रैली को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया है। आरएलपी नेता प्रभुराम गोदारा, कालूराम सियाग, ओमप्रकाश सियाग, रमन तेराक, पूनम प्रजापत, रामस्वरूप सारण, बालाराम थालोड़, केवलचंद कुंवारिया, लूणाराम वाल्मीकि और रामचंद्र प्रजापत ने विभिन्न गांवों और कस्बों का दौरा कर लोगों से बड़ी संख्या में बीकानेर पहुंचने की अपील की है।
नेताओं ने कहा कि यह रैली किसानों, युवाओं और सैनिकों के अधिकारों की आवाज को और बुलंद करेगी। आरएलपी का उद्देश्य है कि ग्रामीण और आमजन की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाया जाए। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि 29 अक्टूबर की महारैली प्रदेश की राजनीति में नया अध्याय लिखेगी और किसानों-जवानों की ताकत का परिचय कराएगी।