कपिल मुनि मेले की तैयारियों का दूसरा दिन, विधायक भाटी का लगातार निरीक्षण

श्री कोलायत। प्रसिद्ध कपिल मुनि मेले की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। शनिवार को दूसरे दिन भी विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने लगातार दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कपिल सरोवर के प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया और कहा कि इस वर्ष मेला ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप में मनाया जाएगा।

विधायक भाटी ने रानी घाट, महिला घाट, पंच मंदिर, बारह महादेव, भूतनाथ मंदिर सहित सभी घाटों पर विशेष सजावट और लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर घाट को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा ताकि श्रद्धालु दिव्य वातावरण का अनुभव कर सकें। गुरुद्वारे के पास स्थित सैंड आर्ट स्थल पर भी विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, वहीं टेचरी से लेकर मंदिर तक का पूरा मार्ग रंगीन लाइटों से दमकेगा। इस बार झझू चौराहा भी आकर्षक लाइटिंग से सजेगा और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा।

विधायक भाटी ने बताया कि बज्जू, हंता और कोलायत क्षेत्र के सरपंचों को अलग-अलग घाटों पर सफाई और लाइटिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए कुछ ग्राम पंचायतों को पत्र भी जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजेश नायक भी मौजूद रहे और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर भाजपा नेता जयवीर सिंह भाटी, मंगेज सिंह भाटी, युद्धवीर सिंह भाटी, रविन्द्र सिंह नाल, बलदेव गहलोत, श्रीकोलायत सरपंच प्रतिनिधि बजरंग पंवार, राजू सिंह राजपुरोहित, विप्र सेना तहसील अध्यक्ष कंन्नु सांखी, राजपाल सिंह राठौड़, पुखराज सिंह राजपुरोहित, भूराराम ओड, तहसील व्यापार मंडल अध्यक्ष गणेश मल पंचारिया तथा श्रीकोलायत व्यापार मंडल प्रतिनिधि पिंकू माली सहित कई जनप्रतिनिधि व समाजसेवी उपस्थित रहे।

विधायक भाटी ने कहा कि कपिल मुनि मेला हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक है। इस बार श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सौंदर्य से भरपूर वातावरण मिलेगा, देर रात विधायक भाटी सरोवर परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे