श्रीकोलायत। आगामी कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध श्री कपिल मुनि मेला, कोलायत की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। पंचायत समिति कोलायत द्वारा मेले से पूर्व कपिल सरोवर के घाटों की साफ-सफाई के लिए सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
विकास अधिकारी, पंचायत समिति कोलायत द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह श्रमदान 27 अक्टूबर सोमवारको सुबह 9:30 बजे कपिल सरोवर प्रांगण में किया जाएगा। इसमें समिति के अधीन आने वाली सभी ग्राम पंचायतों के प्रशासक, ग्राम विकास अधिकारी, कनिष्ठ सहायक एवं ग्राम रोजगार सहायकों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रत्येक ग्राम पंचायत को श्रमदान हेतु सरोवर के विशेष घाट आवंटित किए गए हैं। इसमें स्पेशल गौ घाट रेम्प की जिम्मेदारी भेलू, गडियाला व टोकला पंचायतों को दी गई है, जबकि दासौड़ी, पैथद्धो की ढाणी, गोविन्दसर, देवडो की ढाणी, खारिया मलीनाथ, मण्डाल चारनान, झझू, चकविजयसिंहपुरा, गिराजसर, हाडलाभाटियान, कोलायत, नैणिया, कोटड़ी, मंड, अक्कासर, गंगापुरा, खीदासर, खारिया पातावतान, खारी बारनान, नांखड़ा, बीतनोक, सियाणा बड़ा, राणासर, सूरजड़ा, गुड़ा, शिम्भु का भुर्ज, दियात्तरा, रणधीसर, भोलासर, नांदड़ा, गजनेर, लम्मणा माटियान, चानी, खासूसर और हंदा ग्राम पंचायतों को क्रमवार घाटों का आवंटन किया गया है।
विकास अधिकारी वीर पाल सिंह ने बताया कि सभी पंचायत प्रतिनिधि अपने साथ श्रमदान के लिए लोहे के बुश, बांस झाड़ू और बाल्टियाँ लेकर आएँ, ताकि सफाई कार्य प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।