बीकानेर। छत्तरगढ़ कस्बे में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब धान मंडी के सामने एक वृद्ध व्यक्ति का शव मिलने की खबर फैली। ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। मृतक की पहचान उमाराम पुत्र दीपाराम (उम्र लगभग 70 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उमाराम गुरुवार रात अपने पशुओं की रखवाली के लिए हमेशा की तरह बाड़े के पास ही सोया हुआ था। लेकिन सुबह जब लोग वहाँ पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वह चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा है और उसके चेहरे को प्लास्टिक टेप से पूरी तरह लपेटा गया है। आशंका जताई जा रही है कि टेप से मुँह और नाक बंद होने के कारण दम घुटने से उसकी मौत हुई।
घटना की सूचना पर थानाधिकारी अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का मानना है कि यह हत्या पशु चोरी के विवाद से जुड़ी हो सकती है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि मृतक की कुछ भेड़ें गायब हैं। संभव है कि चोरी का विरोध करने पर आरोपियों ने उमाराम की हत्या कर दी हो। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में कई दिनों से भेड़ चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
थानाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। इस दर्दनाक वारदात से छत्तरगढ़ और आस-पास के गांवों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठाए।