धूल के गुब्बार से आमजन बेहाल, अधिकारी-जनप्रतिनिधि बने मौन दर्शक

झझु चौराहा और रेलवे अंडर ब्रिज क्षेत्र में उड़ती धूल से व्यापारियों में रोष, ग्रामीणों में बढ़ रही बीमारियां

कोलायत। कस्बे में पिछले कई दिनों से झझु चौराहा और रेलवे अंडर ब्रिज क्षेत्र में उड़ती धूल ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सड़कें जगह-जगह टूटी हुई हैं और मिट्टी के ढेर बने हुए हैं। वाहनों के गुजरते ही यहां धूल के घने गुब्बार उठते हैं, जिससे दुकानदारों, राहगीरों और आसपास के निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारियों का कहना है कि लगातार उड़ती धूल के कारण दुकानों पर रोजाना मिट्टी की मोटी परत जम जाती है, जिसे दिन में कई बार साफ करना पड़ता है। धूल के चलते ग्राहक भी अब दुकानों पर आने से बचने लगे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि कई बार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को शिकायतें देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार उड़ती धूल से बच्चों और बुजुर्गों में सांस संबंधी बीमारियां, आंखों में जलन, खांसी-जुकाम जैसी परेशानियां बढ़ रही हैं। राहगीरों का कहना है कि अंडर ब्रिज क्षेत्र में धूल और गड्ढों के कारण वाहनों को निकालना भी मुश्किल हो गया है।

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था सुधारी नहीं गई और सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। नागरिकों ने जिला प्रशासन से सड़क पर नियमित पानी छिड़काव, सफाई व्यवस्था में सुधार और शीघ्र समाधान की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।