RAS परीक्षा : SDM पद पर चयनित हुए कोलायत के विकास बिश्नोई का कस्बे में किया भव्य स्वागत

कोलायत। RAS परीक्षा 2023 में प्रदेश में 10वीं रैंक प्राप्त कर SDM पद पर चयनित हुए कोलायत के विकास बिश्नोई का कस्बे में भव्य स्वागत किया गया। सुबह से ही मुख्य मार्गों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह फूल-मालाओं से विकास का अभिनंदन किया गया और मिठाइयाँ बाँटी गईं।

विकास ने अपने परिवार के साथ भगवान कपिल मुनि के पवित्र मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और क्षेत्र की समृद्धि व जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने स्वामी शांतानंद महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। महाराज ने विकास को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए समाज और राष्ट्र सेवा में समर्पित रहने का आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर इमिलाल विश्नोई, खियाराम सेन, नितेश भोजक सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। विकास के स्वागत में कारों का लंबा काफिला साथ चल रहा था, जो कोलायत कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए कपिल मुनि मंदिर और आश्रम तक पहुँचा।

 

पूरे कोलायत क्षेत्र में विकास की सफलता को लेकर हर्ष और गर्व का वातावरण रहा। ग्रामीणों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने विकास और उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी। विकास ने कहा कि यह सफलता पूरे क्षेत्र की प्रेरणा है और वे सदैव जनसेवा के मार्ग पर अग्रसर रहेंगे।