गहलोत ने एसएमएस अस्पताल में हुए अग्निकांड की न्यायिक आयोग से जांच की मांग दोहराई

टोंक। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल में हुए अग्निकांड की न्यायिक आयोग से जांच कराने की अपनी मांग को मंगलवार को फिर दोहराया है। श्री गहलोत ने कोटा जाते समय रास्ते में टोंक में मीडिया से बातचीत में कहा ” अब कितनी बार कह दिया इन लोगों को, कभी झालावाड़ के अंदर स्थिति बनती है बच्चे मर जाते हैं, कभी वो जो कफ सिरप से बच्चे मरने लग गए, कभी आप देख रहे हो कि आग लग गई तो हम लोग वहां गए तो चिल्ला रहे थे परिवारजन कि हमारी जो मरे हुए जो हमारे परिवार वाले हैं उनकी बॉडी कहां है, मतलब ऐसी अव्यवस्था देखी नहीं कभी, मुख्यमंत्री आए रात को अगर उनसे मिलवा देते परिवारजनों को तो भी कम से कम लगता भई सरकार चिंतित है।

 


उन्होंने कहा “मुख्यमंत्री को परिवारजन अपनी बात कहते, मुख्यमंत्री उनको यकीन दिलाते भई आपके साथ न्याय होगा हम पूरी कोशिश कर रहे हैं बचाने की वो भी गैप हो गया रात को और गैप होते ही गए, कोई सुनने वाला नहीं, किसी ने आकर बातचीत भी नहीं करी उनसे, तो वो अपने घर जाकर बताएंगे क्या । तो चारों ओर से स्थिति ऐसी बनी कि जिससे की ज्यादा आक्रोश फैल गया वहां पर। हम ने जाकर देखा मुआयना किया वहां,पूरा जला हुआ एरिया था, पता नहीं क्या बीती होगी रात को, और कैसे मरे होंगे वो क्योंकि कहते हैं कि घुटन से भी मर गए तो ऐसी लापरवाही कभी देखी नहीं।”

 


श्री गहलोत ने कहा “मैं कहना चाहता हूं मैंने जो मांग करी कि इस मामले की जांच के लिए न्यायिक आयोग बिठाओ, इसका मतलब क्या है , अगर कोई आयोग बैठता है तो खाली इस घटना की जांच नहीं होती, घटना के कारण क्या रहे हैं, कहां लापरवाही हुई है, क्यों ऐसी घटना होती है, संभावनाएं क्या होती हैं, कैसे संभावना समाप्त हो सकती है, क्या क्या कदम उठाने चाहिए सब बातों की जांच होती है। जब जांच होती है तो आगे कोई फ्यूचर में घटना नहीं हो अस्पताल के अंदर ये भी उसके अंदर रिपोर्ट आती है। इसलिए मैंने कहा कि आप ये लीपापोती वाली जांच करवा रहे हो, पांच सात लोगों की कमेटी बना दी, सात दिन रिपोर्ट दो, रिपोर्ट दे देंगे वो तो, बात खत्म हो जाएगी, दो चार लोगों को आप सस्पेंड कर दोगे। मैंने लॉन्गटर्म के लिए कहा था कि आप न्यायिक जांच बिठवाओ जिससे कि चाहे स्कूल हो अस्पताल हो जो भी शिकायत आ रही है उसकी रिपोर्ट भी तैयार हो साथ के अंदर, यही मेरा मानना है।”