ग्राम पंचायत से अंबेडकर सर्किल तक सड़क निर्माण कार्य शुरू, आमजन को बड़ी राहत

श्रीकोलायत। कोलायत में ग्राम पंचायत से अंबेडकर सर्किल तक लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी सड़क के पुनर्निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। भाजपा नेता मंगेज़ सिंह भाटी ने बताया कि विधायक अंशुमान सिंह भाटी के दिशा-निर्देश पर यह कार्य रविवार से प्रारंभ किया गया है।

भाटी ने बताया कि सदर बाजार स्थित भैरूनाथ मंदिर से लेकर अंबेडकर सर्किल तक सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क पूरी तरह टूट चुकी थी। ग्राम पंचायत से बाजार तक की सड़क उखड़ जाने से वाहन चालकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

उन्होंने बताया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग ने इन समस्याओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से सड़क के डामरीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया है। इस कार्य के पूरा होने पर स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और कपिल सरोवर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

भाजपा नेता भाटी ने कहा कि ग्राम पंचायत से अंबेडकर सर्किल तक सीसी रोड निर्माण का प्रस्ताव पहले से तैयार है, लेकिन तकनीकी कारणों से नया एस्टिमेट तैयार होने में कुछ समय लग सकता है। फिलहाल दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा मेले को देखते हुए अस्थायी तौर पर सड़क को सुचारू बनाया जा रहा है।

भाटी ने कहा कि आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता पर है। सीसी रोड बनने के बाद यह मार्ग स्थायी रूप से मजबूत और सुगम बन जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को आने वाले समय में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।