ग्राम पंचायत खारिया पतावतान में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण

श्री कोलायत। ग्राम पंचायत खारिया पतावतान में शनिवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का जिला कलेक्टर ने औचक निरीक्षण किया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने हेतु प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्था की गई।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी राजेश कुमार नायक मौजूद रहे और उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं एवं लाभार्थियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल ने भी शिविर में उपस्थित रहकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उपखंड अधिकारी ने ग्रामीण महिला सरला देवी के राजस्व रिकॉर्ड में नाम शुद्धि का आदेश जारी कर उन्हें तत्काल लाभान्वित किया।

हदा मंडल अध्यक्ष चोरूं लाल मेघवाल ने ग्रामीणों को सेवा शिविर की महत्ता बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उठाने की अपील की। वहीं एडवोकेट दलीप सिंह राजपुरोहित ने भी शिविर में सक्रिय सहयोग प्रदान किया और कई ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करवाया।

शिविर में राजस्व, पंचायत राज, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और मौके पर ही आमजन की समस्याओं का निस्तारण किया।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर गांव-गांव आयोजित होने चाहिए, ताकि आमजन को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल सके।