राजस्थान आएँगे PM मोदी, 4000 पुलिसकर्मी, 200 RAS और 20 IPS अधिकारी तैनात

निश्पक्षइंडिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को राजस्थान के बांसवाड़ा जिले का दौरा करेंगे। इस दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से मुस्तैद हैं। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी के कार्यक्रम में तीन किलोमीटर के सुरक्षा घेरे के साथ 4000 पुलिसकर्मी, 200 RAS अधिकारी और 20 IPS अधिकारी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी होगी कि कार्यक्रम स्थल के आसपास चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी का बांसवाड़ा दौरा प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती भी है। क्योंकि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ की अगुवाई में लोगों को सभा में आमंत्रित करने के लिए पीले चावल भी बंटवाए जा रहे हैं।

 

इसके अलावा, कार्यक्रम में राजस्थान और अन्य राज्यों के कई दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। ऐसे में सुरक्षा के इंतजाम पहले से ही दोगुने हो गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने एनएच 927-ए मार्ग को भी बंद करने का फैसला किया है। सुबह 6 बजे से लेकर कार्यक्रम समाप्ति तक बांसवाड़ा से रतलाम जाने और आने वाले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस और एजेंसियों द्वारा कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कई बड़ी योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। सबसे पहले पीएम मोदी 2800 मेगावाट क्षमता वाली बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना की आधारशिला रखेंगे। यह परियोजना न केवल राजस्थान बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अहम मानी जा रही है। इसके अलावा, पीएम मोदी 590 मेगावाट क्षमता वाली पवन ऊर्जा परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे।

 

राजस्थान की ऊर्जा और बुनियादी ढांचे की दिशा में यह दौरा महत्वपूर्ण है। मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी 15.5 गीगावाट ट्रांसमिशन लाइनें, नए फ्लाईओवर और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन भी इस कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री 50 कुसुम योजना के लाभार्थियों से भी मिलेंगे और उनके अनुभवों को साझा करेंगे। रेल क्षेत्र में भी बांसवाड़ा दौरे के दौरान बड़ा ऐलान किया जाएगा। बीकानेर से दिल्ली तक और जोधपुर से दिल्ली तक वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसके अलावा, चित्तौड़गढ़ से उदयपुर तक एक नई एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दी जाएगी। इससे राजस्थान के लोगों को यात्रा में नई सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश के पर्यटन और व्यवसायिक क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

 

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। तीन किलोमीटर के सुरक्षा घेरे में हर संभावित खतरे का पूर्वानुमान लगाकर योजना बनाई गई है। इसके तहत कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन, सीसीटीवी और विशेष निगरानी टीमों की भी तैनाती होगी। सुरक्षा और कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए बांसवाड़ा की सड़कों पर प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक मैनेजमेंट किया है। आम जनता से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित स्थानों से ही कार्यक्रम में शामिल हों और पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।