श्रीगंगानगर। राजस्थान में अखिल भारतीय किसान सभा की राजस्थान राज्य समिति ने केंद्र सरकार से मांग की है कि घोषित एमएसपी पर मूंग की खरीद तत्काल शुरू की जाए। राज्य समिति के संयुक्त सचिव डॉ. संजय माधव ने गुरुवार को बताया कि श्रीगंगानगर की धान मंडी में सितम्बर में अब तक 17 हजार 901 क्विंटल मूंग की आवक हो चुकी है। समिति ने आरोप लगाया है कि श्रीगंगानगर जिले में व्यापारी वर्ग मूंग को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी कम दाम पर खरीद रहा है। केंद्र सरकार ने इस सीजन के लिए मूंग की एमएसपी आठ हजार 768 रुपये प्रति क्विंटल घोषित की है, लेकिन सरकारी खरीद शुरू न होने से व्यापारियों ने किसानों को मात्र पांच हजार 881 रुपये प्रति क्विंटल के दाम पर मूंग बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे किसानों को प्रति क्विंटल करीब तीन हजार रुपये का नुकसान हुआ है। अनुमान के मुताबिक श्रीगंगानगर की धान मंडी में किसानों को पांच करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। डॉ. माधव ने कहा कि देश में किसानों को उनकी 90 प्रतिशत उपज के लिए एमएसपी नहीं मिलता। जिन फसलों के लिए एमएसपी घोषित होता है, उनकी समय पर खरीद न होने और गुणवत्ता के मानकों के बहाने किसानों को ठगा जाता है। मूंग की खरीद में हो रही अनियमितताएं इसका स्पष्ट उदाहरण हैं। किसान सभा ने केंद्र सरकार से तत्काल एमएसपी पर मूंग की खरीद शुरू करने की मांग की है।