पानी की किल्लत झेल रहे ग्रामीणों के लिए आई राहत की खबर, पढ़ें न्यूज़

श्रीकोलायत। लंबे अरसे से पानी की किल्लत झेल रहे ग्रामीणों के लिए राहत की खबर आई है। मियाकोर और सियाणा भाटियान गांवों में ट्यूबवेल स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है।

मियाकोर में भाजपा नेता मदन सिंह मियाकोर और हनुमान सिंह खिखनिया ने बताया कि गांव में पानी की समस्या को लेकर वे लगातार प्रयासरत थे। शनिवार को विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने मियाकोर में ट्यूबवेल स्वीकृत किया। इस पर ग्रामीणों ने विधायक भाटी को फोन कर आभार जताया। मदन सिंह ने कहा कि ट्यूबवेल चालू होने पर गांव के अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को भी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर ग्रामीण सोहन सिंह, डुगर सिंह, प्रभु सिंह, इन्द्र सिंह, किशोर सिंह, भैरूं सिंह, सरूप सिंह, धीरू सिंह, सांग सिंह, पहलाद महाराज, जाला राम, भीखा राम आदि ने विधायक भाटी और पूर्व प्रधान जयवीर सिंह भाटी का आभार व्यक्त किया।

वहीं सियाणा भाटियान में भी ट्यूबवेल स्वीकृति की घोषणा हुई। सरपंच मनोहर सिंह ने बताया कि गांव में लम्बे समय से पानी की किल्लत बनी हुई थी। हाल ही में विधायक भाटी को ग्रामीणों ने इस समस्या से अवगत कराया था। शनिवार को स्वीकृति सूची में नाम आने के बाद सरपंच मनोहर सिंह व ग्रामीणों ने विधायक अंशुमान सिंह भाटी का धन्यवाद ज्ञापन किया।