कपिल सरोवर में अमावस्या पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, स्नान-दान कर पितरों की शांति के लिए किया तर्पण

श्री कोलायत। देव पितृ कार्य अमावस्या के पावन अवसर पर रविवार को कपिल सरोवर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जहाँ भक्तों ने पवित्र सरोवर में स्नान कर पितरों की आत्मा की शांति हेतु तर्पण एवं दान-पुण्य किया। सरोवर के घाटों पर दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों की गूंज सुनाई देती रही।

श्रद्धालुओं ने परंपरा अनुसार तिल, अन्न, जल और पुष्प अर्पित कर पितरों का स्मरण किया तथा जरूरतमंदों को अन्न-वस्त्र एवं दक्षिणा का दान किया। पंडित मधुसूदन पंचारिया ने श्रद्धालुओं को अमावस्या पर्व का महत्व बताते हुए कहा कि अश्विन मास की अमावस्या पर स्नान-दान विशेष पुण्यदायी माना जाता है।

इस दिन पितृपक्ष का समापन होता है और श्रद्धापूर्वक किया गया तर्पण पितरों को प्रसन्न करता है, जिससे परिवार में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है। धार्मिक वातावरण से सरोवर परिसर दिनभर गुलजार रहा। श्रद्धालु “पितृ देवो भवः” की भावना से ओत-प्रोत होकर दान-पुण्य में लीन दिखाई दिए।