ग्रामीण सेवा शिविरों में समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान, लाभार्थियों के चेहरों पर छायी खुशी

कोलायत। राज्य सरकार द्वारा आमजन को उनकी समस्याओं से निजात दिलाने एवं सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों ने कोलायत क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। ग्राम पंचायत चाण्डासर एवं ग्राम पंचायत झझू में आयोजित शिविरों में कई लाभार्थियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया, जिससे ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।

चाण्डासर शिविर में नाम सुधार से मिली राहत

ग्राम पंचायत चाण्डासर में 18 सितम्बर 2025 को आयोजित शिविर में राम जीवन पुत्र मगनराम नाई की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किया गया। उनकी खातेदारी भूमि में नाम त्रुटिपूर्ण रूप से जीवन पुत्र मगनराम दर्ज था, जबकि सभी अन्य अभिलेखों में नाम राम जीवन ही था। इस असंगति के कारण वे विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते थे।

शिविर के दौरान प्रार्थी ने अपनी समस्या शिविर प्रभारी पूजा शर्मा, विकास अधिकारी के समक्ष रखी। शिविर में उपस्थित राजस्व अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए नाम की त्रुटि को ठीक कर दिया। सही नाम दर्ज होने पर लाभार्थी के वर्षों पुराने संकट का अंत हुआ। समस्या समाधान होते ही लाभार्थी के चेहरे पर संतोष और खुशी की लहर दौड़ गई।

झझू शिविर में पेंशन योजना का लाभ

इसी क्रम में ग्राम पंचायत झझू में 17 सितम्बर को आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत मंगतु खान पुत्र शेर खान को पेंशन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्रमाण पत्र प्राप्त करते ही लाभार्थी ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि इस योजना से उन्हें 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर प्रतिमाह 3000 रुपये पेंशन प्राप्त होगी।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा संचालित यह योजना वृद्धजन एवं जरूरतमंद लोगों के जीवन में आर्थिक संबल देने का सशक्त माध्यम है।

सरकार और प्रशासन के प्रति आभार

दोनों शिविरों में लाभार्थियों ने सरकार एवं प्रशासन के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर वास्तव में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और योजनाओं का लाभ सीधे पात्र तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम सिद्ध हो रहे हैं।