सवा छह किलो अफीम का दूध बरामद, पुलिस ने एक घर में दी दबिश

हनुमानगढ़। राजस्थान में श्रीगंगानगर के पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक घर में दबिश देकर छह किलो 234 ग्राम अफीम का दूध बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि हनुमानगढ़ के जंक्शन थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को एक युगल नीमच के तुलसीराम और संतोष देवी से आठ लाख 29 हजार रुपये की संदिग्ध राशि बरामद की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह राशि उन्होंने श्रीगंगानगर में एक व्यक्ति को अफीम के दूध बेचकर प्राप्त की है।

पुलिस ने बताया कि इस पर श्रीगंगानगर पुलिस को सूचित किया गया। यहां पुलिस ने पुरानी आबादी के वार्ड नंबर आठ में कब्रिस्तान के समीप एक मकान में सोेमवार रात करीब बारह बजे दबिश दी और अमनदीपसिंह उर्फ बिल्ला (43) और बलदेवसिंह उर्फ देबू (32) को गिरफ्तार किया। मकान की तलाशी लेने पर वहां से छह किलो 234ग्राम अफीम बरामद हुई।