नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम का विश्व कप 2025 से पहले विशाखापत्तनम में 25 अगस्त से एक सप्ताह का शिविर शुरु होगा। शिविर के बाद तैयारी के तहत भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेलेगी।
एक सप्ताह तक चलने वाला यह शिविर 25 अगस्त से शुरू होगा और इसके लिए खिलाड़ियों को एक दिन पहले रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। इस शिविर में विश्वकप के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम के अलावा, स्टैंड-बाय के रूप में घोषित छह खिलाड़ी भी शामिल होंगे। इनमें सयाली सतघरे भी हैं, जो कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के लिए घोषित टीम में शामिल हैं। वह विश्वकप में ऑलराउंडर अमनजोत कौर की जगह लेगी। वर्तमान में ब्रिस्बेन में लाल गेंद के मैच में भारत ए की कप्तानी कर रही राधा यादव 24 अगस्त को मैच समाप्त होने के बाद सीधे शिविर से जुड़ जायेंगी।
इस शिविर में बाद में भारत ए टीम के भी शामिल होने की संभावना है, जिसका अधिकांश हिस्सा वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ एक अनौपचारिक टेस्ट मैच खेल रहा है। भारत ए टीम को अपना पहला आधिकारिक विश्व कप अभ्यास मैच बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंट (सीओई) में न्यूजीलैंड से भिड़ना है। श्रीलंका, पाकिस्तान, बंगलादेश और दक्षिण अफ्रीका की टीमें शुरुआत में सह-मेजबान शहर कोलंबो में ठहरेंगी और अपने दोनों अभ्यास मैच वहीं खेलेंगी।
इस शिविर के लिए स्थल का चुनाव एक रणनीतिक कदम है, क्योंकि भारत को घरेलू विश्व कप के राउंड-रॉबिन चरण में विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में दो प्रतिद्वंद्वियों, नौ अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका और 12 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है। भारतीय महिला टीम ने आखिरी बार 2014 में विशाखापत्तनम में एकदिवसीय मैच खेला था, जिसमें विश्व कप जाने वाली खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और स्नेह राणा शामिल हैं। विशाखापत्तनम के अलावा, गुवाहाटी, इंदौर और नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम आठ टीमों के इस वैश्विक आयोजन की मेजबानी करने वाले अन्य भारतीय शहर हैं।
14 सितंबर को मुल्लांपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली घरेलू श्रृंखला से पहले टीम के एक छोटे ब्रेक के लिए रवाना होने से पहले दूधिया रोशनी में कुछ अंतर-टीम मैच भी खेले जाने की उम्मीद है। इस शिविर में मुख्य रूप से खिलाड़ियों का कौशल परखा जायेगा।
ऑस्ट्रेलिया के साथ होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), स्नेह राणा स्टैंडबाय खिलाड़ी: तेजल हसब्निस, प्रेमा रावत, प्रिया मिश्रा
महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए भारतीय की टीम इस प्रकार है:- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, अमनजोत कौर, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), स्नेह राणा
स्टैंडबाय खिलाड़ी: तेजल हसब्निस, प्रेमा रावत, प्रिया मिश्रा, उमा छेत्री (विकेटकीपर), मिन्नू मणि, सयाली सतघरे
विश्व कप अभ्यास के लिए भारतीय ए टीम इस प्रकार है-: मिन्नू मणि (कप्तान), धारा गुज्जर, शेफाली वर्मा, तेजल हसब्निस, वृंदा दिनेश, उमा छेत्री (विकेटकीपर), नंदिनी कश्यप (विकेटकीपर), तनुश्री सरकार, तनुजा कंवर, तितास साधु, सयाली सतघरे, साइमा ठाकोर, प्रेमा रावत, प्रिया मिश्रा और राघवी बिष्ट।