बीकानेर, श्रीकोलायत। नींद में चलने के दौरान कपिल सरोवर में डूबने से एक 8 वर्षीय बच्चे कि मौत हो गई। बच्चा अपने परिजनों के साथ रामदेवरा पैदल जा रहा था। कोलायत एसआई लखवीर सिंह के अनुसार कोटा जिले के कुंहाड़ी निवासी प्रसाद फूलमाली ने मर्ग दर्ज करवाते हुए बताया कि वह कोटा से बाबा रामदेव के दर्शन के लिए जा रहे थे।
रविवार को कोलायत के कपिल मुनि सरोवर में स्नान करने के बाद रात्रि में घाट किनारे स्थित पंच मंदिर में सो गए। रात को बिजली जाने के कारण सभी लोग अन्नपूर्णा रसोई कि तरफ आ गए। इस दौरान बच्चा गणेश (8) नहीं दिखा। सरोवर पर ढूंढा लेकिन नहीं मिलने के बाद देर रात को पुलिस को इत्तला दी।
कोलायत पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर बच्चे को ढूंढने का प्रयास रात में शुरू कर दिया। सुबह एसडीआरएफ टीम द्वारा कपिल सरोवर में बच्चे को ढूंढा गया। 15 घंटे बाद एसडीआरएफ टीम ने बच्चे के शव को घाट नंबर 49 से निकालकर स्थानीय मोर्चरी में रखवाया। जहां शव को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। एसडीआरएफ टीम में हेड कांस्टेबल रामेश्वर लाल, बाबूलाल, केशाराम, पप्पूराम, प्रेमाराम, लालचंद, श्रवण, नरेन्द्र, शशिकांत, नरेश मौजूद थे।
