नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि भाजपा सरकार के तमाम दावों के बावजूद दिल्ली में बारिश होते ही जगह-जगह जल भराव हुआ और इस साल मलेरिया ने पिछले 10 साल के सभी आंकड़ों को पार कर लिया है।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जब दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा अन्य मंत्रियों ने लगातार कहा कि इस बार मानसून में जल भराव नहीं होगा क्योंकि सरकार द्वारा सारे इंतजाम, सारी तैयारी कर ली गई हैं। सरकार के तमाम दावों के बावजूद दिल्ली में बारिश होते ही जगह-जगह जल भराव हुआ।
भारद्वाज ने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर जल भराव होने के बावजूद भी जब भाजपा के नेता इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं है कि जल भराव हो रहा है, तो प्रकृति ने सच सामने लाने का एक नया तरीका अपनाया। उन्होंने कुछ अखबारों का हवाला देते हुए कहा कि अखबारों में छपी खबर के मुताबिक दिल्ली में इस साल मलेरिया ने पिछले 10 साल के सभी आंकड़ों को पार कर लिया है। सौरभ भारद्वाज ने कहा मलेरिया मच्छरों के काटने के कारण होता है और मच्छर जगह-जगह जल भराव के कारण पैदा होते हैं और यह इस बात का साक्ष्य है, कि दिल्ली में जगह-जगह जल भराव हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार चलाना एक बड़ा ही संवेदनशील मामला है। दिल्ली की जनता ने 27 साल बाद आपको दोबारा दिल्ली की सरकार चलाने का मौका दिया परंतु आज भी वही हालत है। केवल बड़ी-बड़ी बातें हैं, विपक्ष को परेशान करना है, कोई काम नहीं करना है। दिल्ली में जो एक सामान्य सरकारी व्यवस्था पूर्व सरकार के समय में थी वो भी खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जो मलेरिया के मामले इतने अधिक मात्रा में बढ़ रहे हैं यह बेहद ही गंभीर मुद्दा है, भाजपा सरकार को इस पर संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।