न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी प्रांत में भारी बारिश से सड़क परिवहन और हवाई यात्रा के बाधित होने के बाद बाढ़ की चेतावनी वाले क्षेत्रों में ‘आपातकाल’ की स्थिति घोषित कर दी गयी है।
राष्ट्रीय मौसम विभाग के मुताबिक वाशिंगटन-फिलाडेल्फिया-न्यूयॉर्क सिटी कॉरिडोर पर भारी बारिश और भीषण तूफान आने के आसार है। क्षेत्र के दक्षिणी हिस्से के कुछ इलाकों में 5.08 सेमी प्रति घंटे से बारिश हो सकती है।
न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने एक बयान में कहा, ‘मैं सभी न्यूयॉर्कवासियों से सतर्क रहने, जानकारी रखने और सावधानी बरतने का आग्रह करती हूँ क्योंकि हमें अत्यधिक बारिश के कारण अचानक आने वाली बाढ़ आने की आशंका है।’ न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम्स और अन्य स्थानीय अधिकारियों ने भी लोगों से सड़कों से दूर रहने और बेसमेंट अपार्टमेंट में रहने वालों से ऊँचे स्थानों पर जाने का आग्रह किया।
संघीय उड्डयन प्रशासन के अनुसार गुरुवार शाम आए भारी तूफ़ान के कारण हवाई यात्रा बाधित रही और न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, फिलाडेल्फिया और वाशिंगटन डी.सी. क्षेत्र के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानें रोक दी गईं। ‘फलाइटएवेअर डॉट काम’ के अनुसार अमेरिका के अंद्रूणी क्षेत्रों के साथ ही देश में आने-जाने वाली हज़ारों उड़ानें रद्द या विलंबित हुईं। न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर औसतन लगभग तीन घंटे की देरी हुई। वहीं फिलाडेल्फिया और विलमिंगटन एवं डेलावेयर के बीच ट्रेनें रोक दी गई हैं क्योंकि भयंकर तूफान के कारण पटरियों पर पानी भर गया है।
इस बीच तूफ़ान में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। स्थानीय अग्निशमन दल के प्रमुख ने बताया कि मैरीलैंड के माउंट एरी में पानी में ‘फँसने’ से एक बच्चे की मौत हो गई। हालांकि न्यूयॉर्क शहर में गुरुवार रात तक अचानक बाढ़ और तेज़ तूफ़ान की चेतावनियाँ हटा ली गईं लेकिन लोगों को अभी भी अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार अन्य स्थानों पर बाढ़ और तेज़ तूफ़ान की चेतावनियाँ शुक्रवार सुबह तक प्रभावी रही जबकि पूर्वी तट के कुछ इलाकों में 10.16 से 15.24 सेमी बारिश होने का अनुमान है।