श्रीकोलायत। भारतीय जनता पार्टी श्रीकोलायत मंडल की ओर से शुक्रवार को राजपूत धर्मशाला में आयोजित मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्यशाला में संगठन की बूथ स्तर की मजबूती को लेकर व्यापक विमर्श हुआ। कार्यशाला में विधायक अंशुमान सिंह भाटी, भाजपा जिला देहात अध्यक्ष श्याम सुंदर पंचारिया और क्षेत्र के लोकप्रिय जनप्रतिनिधि पूर्व प्रधान जयवीर सिंह भाटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। तीनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को भाजपा की प्राथमिकता बताया।

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि चुनावी सफलता का सबसे मजबूत आधार मतदाता सूची है। यदि सूची शुद्ध और त्रुटिरहित है तो आधी जीत पहले ही सुनिश्चित हो जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने, नए युवा मतदाताओं को जोड़ने और छूटे हुए पात्र नामों को तुरंत सूची में सम्मिलित कराने पर जोर दिया। भाटी ने कहा कि भाजपा की शक्ति बूथ स्तर का संगठन है और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही आने वाले समय में पार्टी को मजबूत जनसमर्थन दिलाएगी।
जिला देहात अध्यक्ष श्याम सुंदर पंचारिया ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र का आधार दस्तावेज है और इसकी शुद्धता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सूची का गहन पुनरीक्षण केवल चुनावी औपचारिकता नहीं बल्कि जनता के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। पंचारिया ने बी.एल.ए. से बीट-वाइज सर्वे कर वास्तविक स्थिति की पुष्टि करने और प्रत्येक घर की जानकारी अद्यतन रखने की अपील की।
पूर्व प्रधान जयवीर सिंह भाटी ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कोलायत विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का जनाधार मजबूत है और इसे बनाए रखने तथा बढ़ाने के लिए बूथ स्तर पर सटीक, व्यवस्थित और पूर्ण मतदाता सूची होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की नींव है और सशक्त कार्यकर्ता ही सशक्त बूथ का निर्माण करेंगे। जयवीर सिंह भाटी ने कहा कि संगठन की ताकत जनता के बीच निरंतर उपस्थिति और समर्पित कार्यशैली में निहित है।
कार्यक्रम में भँवर लाल जांगिड़, दीलिप सिंह राजपुरोहित, प्रभात सिंह भाटी, सरपंच गज्जे सिंह देवड़ा, सरपंच मनोहर सिंह भाटी झझु सरपंच घम्मू राम नायक, युवा नेता अशोक पुरोहित, बिठनोक सरपंच प्रतिनिधि आशु सिंह भाटी। पृथ्वी सिंह राणा सर शिव सिंह भाटी , खिव सिंह भाटी नर्सिदान मण्डाल उत्तम सिंह कोटड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने बड़ी गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त किया और आगामी दिनों में मतदाता सूची को पूरी निष्ठा के साथ अद्यतन करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यशाला का संचालन दीपा राम गेदर ने किया। राजपूत धर्मशाला में आयोजित यह कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा और अंत में संगठनात्मक निर्णयों के साथ सभा संपन्न हुई।