बीकानेर। गजनेर थाना क्षेत्र के नाइयों की बस्ती गांव में स्थित एक टायर पंक्चर की दुकान में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। इंद्रपुरी स्वामी की दुकान में लगी आग से टायर, ट्यूब और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। आसपास के लोगों ने आग की लपटें देख तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही गजनेर थाना एएसआई वीरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने पानी के टैंकरों और बाल्टियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ देर बाद बीकानेर से दमकल की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस आगजनी में दुकान में रखा सारा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।