कोलायत। क्षेत्र में लंबे समय से सड़क निर्माण को लेकर आमजन परेशान थे। जगह-जगह गड्ढों और धूल भरी सड़कों से गुजरना वाहन चालकों के लिए मुश्किल हो गया था। दीपावली और कोलायत मेले को देखते हुए अब लोगों को राहत मिलनी शुरू हो गई है। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
भाजपा नेता मंगेज सिंह भाटी ने बताया कि हाल ही में हुई बैठक में स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों ने सड़क सुधार की मांग रखी थी। इस पर विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली व मेले के दौरान सड़क का वैकल्पिक प्रबंध किया जाए और श्रद्धालुओं की आवाजाही में कोई बाधा न हो। विधायक ने यह भी आश्वासन दिया कि मेले के बाद स्थायी समाधान के रूप में सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा, जो दुकानों के सामने तक टच रहेगा ताकि सभी व्यापारियों को सुविधा मिल सके।
पूर्व प्रधान जयवीर सिंह भाटी ने बताया कि पहले सड़क निर्माण का बजट लेप्स हो गया था, लेकिन विधायक और जनप्रतिनिधियों के अथक प्रयासों से इसे दोबारा स्वीकृत करवाया गया है। अब मेले के बाद सीसी रोड का कार्य प्राथमिकता से करवाया जाएगा।
शुक्रवार को मौके पर स्थानीय व्यापार मंडल के प्रतिनिधि पिंकू माली और ललित रामावत मौजूद रहे और उन्होंने चल रहे कार्य की निगरानी की। मंगेज सिंह भाटी ने बताया कि दीपावली और मेले के मद्देनजर विभाग ने जिस तत्परता से काम शुरू किया है, वह सराहनीय है। इससे आमजन, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को अब काफी राहत मिलेगी।