श्रीकोलायत। राज्य सरकार के सेवा पर्व पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण सेवा शिविरों की श्रृंखला में अब कोलायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत सियाणा एवं लबाना भाटियान में शिविर 14 नवम्बर को आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में बीकानेर जिला प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने बताया कि 18 अक्टूबर को धनतेरस पर्व होने के कारण ग्रामीण सेवा शिविरों की तिथियों में बदलाव किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार कोलायत उपखंड के सियाणा और लबाना भाटियान में अब 14 नवम्बर को ये शिविर आयोजित होंगे।
इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान करेंगे। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने, शिकायतों के निस्तारण, पेंशन, जनाधार, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, स्वास्थ्य एवं राजस्व से जुड़ी सेवाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर रहेगा। उपखंड प्रशासन ने क्षेत्र के सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इन शिविरों का लाभ उठाएं।