कोलायत। कोलायत क्षेत्र के बिश्नोइयों का बेरा, राणासर और पाबूसर गांवों में पिछले लगभग दो महीनों से पानी की आपूर्ति ठप है। लंबे समय से जलापूर्ति नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पीने और घरेलू उपयोग के पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार शिकायतों के बावजूद जलदाय विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गांववासियों का कहना है कि उन्हें दूर-दराज के इलाकों से टैंकर या हेंडपंपों के जरिए पानी लाना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीण रामनिवास विश्नोई, सुरजाराम विश्नोई और श्रवण सिंह ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी केवल आश्वासन ही दे रहे हैं, जबकि स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में पशुओं के लिए भी पानी का संकट गहराता जा रहा है।
इस संबंध में सहायक अभियंता (ए.ई.एन.) पुलकित शर्मा ने बताया कि संबंधित गांवों को जोड़ने वाली पुरानी पाइपलाइन में कई स्थानों पर लीकेज हो गई है, जिसके कारण जलापूर्ति बाधित हुई है। विभाग द्वारा मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है और संभावना है कि कल तक सप्लाई सुचारू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि टीम को मौके पर भेज दिया गया है, जहां पुरानी पाइपलाइन की मरम्मत और आवश्यक स्थानों पर नई पाइप बिछाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जलदाय विभाग स्थायी समाधान हेतु नई पाइपलाइन योजना तैयार करे और जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करे। उनका कहना है कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए इतनी परेशानी असहनीय है और सरकार को इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए।