बीकानेर। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (अक्टूबर) के अंतर्गत पुलिस थाना साइबर बीकानेर द्वारा पीएम नवोदय विद्यालय, गजनेर में एक विशेष साइबर सुरक्षा जनजागृति वर्कशॉप आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों से सतर्क करना और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था।
यह कार्यक्रम जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर, आईपीएस के निर्देशन में, अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) सौरभ तिवारी, आरपीएस के सुपरविजन तथा साइबर थाना प्रभारी अति. पुलिस अधीक्षक खान मोहम्मद, आरपीएस व पुलिस निरीक्षक रमेश सर्वाटा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अति. पुलिस अधीक्षक खान मोहम्मद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “वर्तमान समय में डाटा का लीक होना और उसका दुरुपयोग विश्व की सबसे बड़ी समस्या बनती जा रही है, ऐसे में हमें ऑनलाइन दुनिया में अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए।” उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा प्रतिज्ञा भी दिलवाई। इस अवसर पर वृताधिकारी कोलायत संग्राम सिंह, आरपीएस ने कहा कि यह सराहनीय है कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं मोबाइल से दूर हैं, फिर भी उन्हें सोशल मीडिया का उपयोग अत्यंत सावधानीपूर्वक करना चाहिए।
प्रोग्रामर शिवकुमार शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन सुरक्षा के टिप्स, तथा साइबर अपराधों के कारण और उनके परिणामों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वहीं कांस्टेबल महेन्द्र चौधरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को साइबर अपराध की पहचान, सावधानियां और सहायता तंत्र की जानकारी दी। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1930, वेबसाइट cybercrime.gov.in तथा मोबाइल नंबर 7877045498 के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया बताई।
वर्कशॉप के अंत में विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान किया गया तथा साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में करियर संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। विद्यालय के प्रधानाचार्य इलियास खान ने अतिथियों का साफा पहनाकर स्वागत किया और कहा कि “ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की व्यक्तिगत और सामाजिक सुरक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।” उप-प्रधानाचार्य गौरव गुप्ता ने साइबर थाना टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में अभिभावकों के लिए भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा तैयार साइबर सुरक्षा पंपलेट भी विद्यालय को प्रदान किया गया।