श्रीकोलायत। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए कस्बे में शनिवार को सीएलजी (कम्युनिटी लायज़न ग्रुप) की बैठक पुलिस अधिकारी जयसिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सीएलजी सदस्य, व्यापार मंडल पदाधिकारी एवं कस्बे के प्रमुख व्यापारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
बैठक में दशहरा, धनतेरस एवं दीपावली पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, यातायात प्रबंधन तथा पटाखों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधिकारी जयसिंह ने कहा कि पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने व्यापार मंडल पदाधिकारियों से कहा कि वे पटाखों व अस्थायी दुकानों के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर प्रशासन को प्रस्ताव दें, ताकि उसी के अनुरूप जगह निर्धारित की जा सके।
उन्होंने कहा कि त्योहारों पर भीड़ अधिक होती है, ऐसे में चोरी व अन्य अप्रिय घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इसके लिए व्यापारियों को सतर्क रहना होगा तथा प्रशासन द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं में सहयोग करना आवश्यक है। इस अवसर पर तहसील व्यापार मंडल अध्यक्ष गणेशमल पंचरारोया, हरिराम धायल, कन्नु सांखी, बीरबल भाट, कपिल सेवग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं व्यापारी उपस्थित रहे।